तलेन . करीब 65.5 करोड़ की लागत से बन रहे मऊ-तलेन मार्ग निर्माण में खूब अनियमितताएं हो रही है। जिनकी पोल भी अब खुलने लगी है। लेकिन जिम्मेदार अब भी ध्यान नहीं दे रहे है । जिसका खामियाजा आमजनता को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल उक्त मार्ग निर्माण के दौरान तलेन में सीसी सड़क का निर्माण किया गया। लेकिन दोनों ओर नालियां बनाई ही नहीं गई। ऐसे में अब बारिश में पानी सड़कों पर बहने लगा है। साथ ही कई रहवासियों के घरों में भी पानी घुस रहा है। जिसके कारण काफी परेशानी लोगों को हो रही है। ऐसे में आगामी बारिश के दिनों में तो परेशानी ओर भी बढ़ जाएगी। लेकिन जिम्मेदार ध्यान ही नहीं दे रहे है। स्थानीय पीरू लाल विश्वकर्मा बद्री लाल यादव राजवर्धन सिंह राहुल यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि गोटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सीसी सड़क बनाई है। लेकिन नाली निर्माण की अनदेखी की गई। इससे हल्की बारिश में ही मार्ग के किनारे बसे घरों में पानी भर गया। यदि तेज बारिश हुई तो घर तो जलमग्न हो जाएंगे। ऐसे में रहवासियों ने जिम्मेदारों से जल्द ही व्यवस्था सुधारने की मांग की है। निर्माण की गुणवत्ता पर भी नहीं दे रहे ध्यान उक्त मार्ग निर्माण में पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते मनमाना निर्माण कार्य किया जा रहा है। लेकिन जिम्मेदार ध्यान ही नहीं दे रहे है। कुछ जगह अतिक्रमण हटाए बिना भी मार्ग निर्माण किया गया। ऐसे में भविष्य में मार्ग सकरा ही रह जाएगा। वही निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे है। लेकिन किसी को इसकी चिंता नहीं है। कुछ जगह सीसी कुछ जगह हो रहा डामर उक्त मार्ग केंद्र सरकार के सड़क परिवहन विभाग के माध्यम से बन रहा है। जिसकी कुल लंबाई 25 किमी है। यह मऊ, पड़ाना, आशारेटा, टिकोद, तलेन को राष्ट्रीय राजमार्ग और राजधानी से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। निर्माण कार्य में डामरीकरण, सीसी सड़क, पुल-पुलिया और बायपास शामिल हैं, जिसे गोटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी बना रही है।वही इस समस्या को लेकर स्थानीय नगर निकाय ने भी कोई रूचि नहीं दिखाई वही जिम्मेदार पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि यों को आम जनता की समस्या से जैसे कोई लेना देना नहीं है देखना यह होगा आखिर कब समस्या से मुक्ति मिलेगी.