। *खरगोन/बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता):* संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने क्षेत्र की जनता की ओर से इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने और इसे विशेष दर्जा देने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना से क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा, औद्योगिक विकास, व्यापार, रोजगार और संपर्क बढ़ेगा। इस ऐतिहासिक कदम के लिए उन्होंने केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और मील का पत्थर है। नई रेल परियोजना की जल्द स्वीकृति की रखी मांग सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि क्षेत्र की जनता की एक प्रमुख मांग है अलीराजपुर-बड़वानी-खरगोन-खंडवा नई ब्रॉड गेज रेल लाइन जिसका अंतिम सर्वेक्षण वर्तमान में रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024-25 की सूची में शामिल है। उन्होंने इस परियोजना को भी शीघ्र स्वीकृति देने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह रेल परियोजना आदिवासी बहुल क्षेत्रों और पिछड़े इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद करेगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा, क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। यह परियोजना शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और परिवहन जैसे क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। जनता की आकांक्षाओं को मिलेगा बल सांसद ने कहा कि यह नई रेल परियोजना खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर और खंडवा जिलों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सरकार से की गई विशेष अपील सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से अनुरोध किया कि वे इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह परियोजना भी जल्द धरातल पर उतरेगी, जिससे क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा, "इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना की तरह, अलीराजपुर-बड़वानी-खरगोन-खंडवा रेल परियोजना भी क्षेत्र में एक नई क्रांति लाएगी। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से अपील करता हूं कि इस परियोजना को शीघ्र मंजूरी दी जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों का सपना साकार हो सके।" इंदौर मनमाड़ रेल परियोजना की स्वीकृति और विशेष दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र के जनता ने भी सांसद गजेंद्र पटेल और केंद्र सरकार का धन्यवाद किया था और नई परियोजना के लिए अपना समर्थन और उत्साह व्यक्त किया।
संसद सत्र में लोकसभा सांसद पटेल ने इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना को मिली स्वीकृति के लिए जताया आभार, और अलीराजपुर-बड़वानी-खरगोन-खंडवा नई रेल परियोजना की जल्द स्वीकृति के लिए मांग की