विधानसभा अध्यक्ष डां सीताशरण शर्मा ने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के भवन का भूमिपूजन किया होशंगाबाद/23,दिसम्बर,2016/ म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डां सीताशरण शर्मा ने कहा कि हम किसान है। कोई भी नया उद्योग लगाने में बहुत रिस्क लेना होता है। यह रिस्क हर आदमी नही उठा सकता है। इसके लिए व्यक्ति का आर्थिक रूप से एवं मानसिक रूप से सक्षम होना आवश्यक है। क्योंकि ऐसी ही किसी भी व्यक्ति को यदि उद्योग लगाने के लिए पैसा दे दिया जाए तो वह पैसा डूब जाएगा और शासन को भी हानि होगी। विधानसभा अध्यक्ष डां सीताशरण शर्मा ने शुक्रवार को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र होशंगाबाद के नए भवन के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र का नया भवन 80 लाख रूपये की लागत से निर्मित किया जाएगा एवं 6 माह में बनकर तैयार हो जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कोई भी नया उद्योग लगाने में 2 तरह के रिस्क है पहला फिनिश रेट व दूसरा मेटरियल भाव का इसलिए इस क्षैत्र में सक्षम लोगो को ही आना चाहिए क्योंकि वह उद्योग स्थापित कर 10 अन्य लोगो को रोजगार दे सकता है। उद्योगो के माध्यम से उद्योगो का सृजन होता है, और लोगो को रोजगार मिलता है। डां शर्मा ने कहा कि जिन राज्यों में उद्योग धंधे स्थापित है वो आगे निकल गए है। म.प्र. भी आगे बढ रहा है। उन्होने लक्ष्य से ज्यादा बैंको द्वारा प्रकरण स्वीकार करने एवं ऋण वितरण करने पर लीड बैंक के प्रबंधक श्री आर के त्रिपाठी की सराहना की और कहा कि बैंक ज्यादा से ज्यादा ऋण वितरित करने का रिस्क ले और वसूली भी सही समय पर हो जाए। डां शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य उद्योगो के माध्यम से रोजगार पैदा करने का है। उन्होने कहा कि महाप्रबंधक व्यापार एवं उद्योग केन्द्र हरिशरण भार्गव के कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही उद्योगो के मामले में तेजी आई है। उनके रहते एच आर इंडस्ट्रीज खुली व 11 जनवरी को कोका कोला का प्लांट मुहांसा में खुलेगा इससे क्षैत्र को फायदा होगा विधानसभा अध्यक्ष ने बीते दिनो का स्मरण करते हुए कहा कि वर्षो से वे उद्योग कार्यालय के पास से गुजरते थे और सोचा करते थे कि यहा से उद्योग पति निकला करते थें किंतु भवन प्राणहिन था अब नए सिरे से इसका निर्माण होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल ने कहा कि नए भवन के बनने के बाद एक नई ऊर्जा और एक नई विचारधारा का उदय होगा। महा प्रबंधक श्री भार्गव के कार्यकाल में ही भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से हितग्राहियो को और भी बेहतर ढंग से योजनाओ का लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि छोटे व गरीब तकबे को भी ऋण देकर उनका रोजगार स्थापित कराया जाए। श्री पटेल ने कहा कि होता यह है कि बडे आयकर दाता एवं बिजनेसमेनों को योजना का लाभ मिल रहा है। इसमें कुछ प्राथमिकता तय की जाए और वास्तव में जिन्हें आवश्यकता है उन्हें लोन दिया जाए। जो रोजगार की तलाश में भटकते है उन्हें लाभ दिया जाए। जनपद पंचायत होशंगाबाद की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी ने कहा कि शासन का नारा है। सबका साथ सबका विकास इस अवधारणा पर चलते हुए जर्जर भवन के स्थान पर अब नया भवन बनाया जाएगा उन्होने महा प्रबंधक उद्योग से कहा कि वे शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियो को दिलाना सुनिश्चित करें इसके पूर्व महा प्रबंधक उद्योग श्री हरिशरण भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में शासन से 40 का लक्ष्य प्राप्त था जिसके विरूध 141 प्रकरण बैंक में प्रेषित किए गए थे जिनमें 63 प्रकरण बैंको द्वारा स्वीकृत किए गए हैं, तथा 49 प्रकरणों में ऋण वितरित कर दिए गए है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में 625 प्रकरण के विरूध 1710 प्रकरण बैंको को प्रेषित किए गए जिनमें बैंको ने 910 प्रकरण स्वीकृत कर लिया है तथा 732 प्रकरण में ऋण वितरित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 48 के विरूध 19 प्रकरण बैंक में भेजे गए है जिनमें 4 प्रकरण स्वीकृत हुए है और 4 प्रकरणों में हितग्राहियों को ऋण वितरित कर दिया गया है। भूतिपूजन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने हितग्राही विजेन्द्र कुमार वर्मा को बस सेवा के लिए 30 लाख रूपये, प्रशांत जैन को लिफाफे बनाने के लिए 2 लाख रूपये तथा अंशुल तिवारी को ऐस्कावेटर मशीन के लिए 86 लाख का ऋण स्वीकृति पत्रक प्रदान किया। इस अवसर पर उद्योग केन्द्र अध्यक्ष वीरेन्द्र गौर, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के कर्मचारीगण, हितग्राही, मिडिया के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।