मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला डॉक्टर के साथ उसके मंगेतर के ज्यादती करने और उसके माता-पिता द्वारा शादी से पहले एक करोड़ रुपए की डिमांड किए जाने का मामला सामने आया है. विजय नगर पुलिस के अनुसार, शहर के निजी मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स कर रही महिला डॉक्टर की शिकायत पर दिल्ली के डॉ. गगन जैन के खिलाफ ज्यादती का केस दर्ज किया है. महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में डॉ. जैन के माता-पिता पर शादी के पहले एक करोड़ रुपए मांगे जाने का भी आरोप लगाया था. शिकायत में कहा गया था कि एक करोड़ रुपए नहीं देने पर शादी तोड़ने की धमकी दी जा रही थी. इस आधार पर डॉ. गगन जैन के माता-पिता के खिलाफ भी अलग से केस दर्ज किया गया है. जनवरी में होना थी शादी पुलिस के अनुसार, शिकायत दर्ज कराने वाली महिला डॉक्टर भी दिल्ली की रहने वाली है. आरोपी डॉक्टर से उसकी सगाई हो चुकी थी. दोनों की अगले साल जनवरी में शादी होने वाली थी. होटल में ज्यादती डॉ. गगन जैन पर आरोप है कि सगाई तय होने के बाद वह अपनी मंगेतर से मिलने के लिए इंदौर आता था. अगस्त 2016 से शिकायत दर्ज कराने तक वह इंदौर में दो से तीन बार आया था. इस दौरान उसने शहर के एक होटल में महिला डॉक्टर से ज्यादती कर दी. जांच अधिकारी के मुताबिक, महिला डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है. अब पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.
लेडी डॉक्टर से मंगेतर ने की ज्यादती, शादी से पहले मांगे एक करोड़ रुपए