भोपाल।* होमगार्ड के जवान अब 60 साल तक नौकरी कर सकेंगे। गृह विभाग ने स्वयंसेवियो से संबंधित नियम 2016 तैयार किया गया है। इसमें होमगार्ड के जवान की अधिकतम सेवा आयु को 41 साल से बढाकर 60 साल तक किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने नियमों में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। होमगार्ड के जवानों को 41 साल की उम्र में सेवानिवृति करने के नियमों का पालन करने के लिए इसी साल 27 अगस्त को तत्कालीन डीजी होमगार्ड मैथिलीशरण गुप्त ने कमेटी बना दी थी। इससे भडके जवान 4 सितंबर को भोपाल में इकट्ठा होकर विरोध के लिए सड़क पर उतर आए थे। इस स्थिति को देखते हुए गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया था कि कोई भी जवान 60 साल से पहले सेवानिवृत नहीं होगा। इसके मुताबिक गृह विभाग ने नियमों में संशोधन करने का प्रस्ताव तैयार कर सामान्य प्रशासन विभाग के पास भेजा। जिसे विभाग ने सहमति दे दी। गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब होमगार्ड स्वयंसेवियो से संबंधित नियम 2016 की अधिसूचना जारी कर लागू किया जाएगा। प्रदेश में 15 हजार 800 होमगार्ड जवान हैं।
*अब 60 साल तक नौकरी कर सकेंगे होमगार्ड के जवान*