मध्य प्रदेश की राजधानी में शाम को जमकर बादल बरसे. इस दौरान बादलों के कारण शाम को ही देर रात जैसा अंधेरा हो गया, जिससे वाहनों को लाइट जलाकर सड़कों पर निकलना पड़ा. भोपाल में सुबह से छाई उमस और गर्मी से शाम को राहत मिली. आसमान में बादल छाने के बाद करीब आधे घंटे तक हुई बारिश ने फिजा में ठंडक घोल दी. बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से भी तापमान में काफी गिरावट आई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी राजधानी सहित प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, सीहोर, हरदा और टीकमगढ़ जिलों में सामान्य से भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के पूर्वी क्षेत्र के बीच चक्रवात बना हुआ है, जिससे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी नमी की मात्रा आ रही है. इस नमी के चलते प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. शुक्रवार को भोपाल का तापमान 30.8 डिग्री, इंदौर 30.5, ग्वालियर 33.5, जबलपुर 32.0, खजुराहो 33.8 और पचमढ़ी में 29.0 डिग्री दर्ज किया गया.