भारत की आत्मा गांव एवं किसान में बसती है - विधानसभा अध्यक्ष होशंगाबाद/10,दिसम्बर,2016/ शनिवार को शासकीय एसएनजी स्कूल के प्रांगण में विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमें होशंगाबाद के दूरदराज के किसानो ने अपनी सहभागिता निभाई। किसान महासम्मेलन में होशंगाबाद जिले के 71 हजार 530 किसानो को लगभग 219 करोड़ रूपए की राशि के राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के दावा राशि के प्रमाण पत्र वितरित किये गये। उक्त दावा राशि के प्रमाण पत्र राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना खरीफ 2015 के फसल बीमा दावा राशि के थे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन जिले में किसान महा सम्मेलन को संबोधित किया जिसका सीधा प्रसारण होशंगाबाद के किसान महासम्मेलन में किया गया। शासकीय एसएनजी स्कूल ग्राउंड में आयोजित किसान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने कहा कि भारत गांवो का देश है और भारत की आत्मा गांव व किसानो में बसती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं आती रहती है लेकिन हम इसे रोक नही सकते हैं किन्तु हम प्राकृतिक आपदा के नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं। उन्होंने किसानो से कहा कि वे कृषि से अपनी आय दुगुनी करने के लिए अपनी कृषि लागत को कम करे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब वे भ्रमण करते थे तो लोग पूछते थे कि कृषि बीमा की राशि कब हमारे खातो में आएगी में उनसे कहता था कि जल्द ही आएगी क्योकि हमारे मुख्यमंत्री ने यह कह दिया है तो राशि आवश्क रूप से आपके खाते में आयेगी। उन्होंने उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली व मुंबई की खुशहाली से देश खुश नही होगा अपितु देश किसानो की खुशहाली से खुश होगा। श्री शर्मा ने बताया सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने किसानो की चिंता की, किसान क्रेडिट कार्ड एवं प्रधानमंत्री सड़क योजना उन्ही की देन है। म.प्र.शासन ने टूटी सड़को को बनाने के लिए सवा सौ करोड़ रूपए की राशि भी प्रदान की है। म.प्र.शासन ने हमेशा किसानो की चिंता की ओर खेती को लाभ का धंधा बनाने का प्रयास किया इसलिए प्रदेश को 4 बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। इसके पूर्व माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवल कर किसान महासम्मेलन का शुभारंभ किया गया। सम्मेलन 3 दिन तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर म.प्र.समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती पदमा शुक्ला ने कहा कि किसानो के सहयोग से म.प्र. को एक विकसित राज्य बनाया गया है। किसानो के हितो की चिंता करते हुए सभी किसानो के लिए एक राष्ट्रीय नीति बनाई गई है। 18 फरवरी 2016 को सीहोर के शेरपुर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना की घोषणा की थी । इस योजना का परिणाम आज दिखाई दे रहा है। सिवनीमालवा के विधायक श्री सरताज सिंह ने बताया कि देश का पैसा कुछ लोगो की तिजोरी में चला गया था और गरीब और गरीब हो गया था । प्रधानमंत्री ने नोटबंदी का कार्य कर बहुत हिम्मत का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि देश का, जनता का, किसान का भविष्य उज्जवल हो। इसके पूर्व कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने बताया कि जो किसान यहां नही आ पाए हैं तो उन किसानो के घर में जाकर प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। कलेक्टर ने किसानो को समझाईश दी कि अपनी आय दुगुनी करने के लिए वे अपनी खेती करने की पद्धति में बदलाव लाए। उन्होंने कहा कि हम जिले में 1 लाख हैक्टेयर में ग्रीष्म कालीन मूँग की फसल लगाना चाहते हैं। उन्होंने किसानो को उद्यानिकी की फसल लगाने एवं नरवाई ना जलाने की समझाईश दी। कलेक्टर ने कहा कि किसान दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, बीजोपचार की ओर भी विशेष ध्यान देवे। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग श्री जे.एस.गूर्जर ने कहा जिले में यह पहला अवसर आया है जब हम इतने बड़े पैमाने पर प्रमाण पत्रो का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीमा दावा की राशि सीधे किसानो के खाते में जमा हो जाएगी। जैविक खेती व उन्नत खेती पर विशेषज्ञो ने दी सलाह - किसान महासम्मेलन में डॉ.पहलवान ने जैविक खेती के तरीको पर, कृषक श्री रूपसिंह राजपूत ने जैविक खेती के अनुभव पर, जिला कोआर्डिनेटर डीबीटी श्री राजेन्द्र पटेल ने उर्वरको पर डीबीटी संबंधी जानकारी किसानो को दी। इन किसानो को प्रमाण पत्र वितरित - सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा एवं विधायक गणो ने कृषक रामगोपाल मलैया को 1 लाख 61 हजार 865 रूपए के कृषि बीमा दावा का प्रमाण पत्र प्रदान किया साथ ही कजलास के किसान राम अवतार को 1 लाख 44 हजार 630 रूपए, कजलास के ही सतीश कुमार गौर को 1 लाख 36 हजार 33 रूपए के, होशंगाबाद के राजकुमार पटेल को 1 लाख 96 हजार 106 रूपए के, इटारसी के शिवकुमार पटेल को 1 लाख 78 हजार 316 रूपए, पांजराकलां के संजय कुमार चौरे को 27 हजार 168 रूपए के, जगदीश मलैया को 44 हजार 793 रूपए के, नवाब साहेब को 14 हजार 528 रूपए के, पूरनलाल साहू को 20 हजार 142 रूपए के तथा बुधनी के एकनाथ हर्णे को 1 लाख 26 हजार 568 रूपए के बीमा दावे के प्रमाण पत्र वितरित किये गये। शेष किसानो को तहसीलवार बने काउंटरो पर प्रमाण पत्रो का वितरण किया गया। अनुदान वितरण - किसान महासम्मेलन में छीतापुरा के रघुवीर को ट्रेक्टर की चाबी, बरन्डुआ के सियाराम को रोटावेटर, पाटनी के अखिलेश, भांगिया के उमाशंकर, धाईखुर्द की श्रीमती इन्द्रा व बेलावाड़ा के ओमप्रकाश को नलकूप खनन हेतु 40 हजार रूपए की अनुदान राशि दी गई। साथ ही भैंसादेह के राहुल व गोमतीपुरा के अरविंद को रोटावेटर, घाटली के ललित किशोर, केसला के सुरेश, भांगिया के सुनील, आमूपुरा के प्रमाद, बिल्दी के आनंद को नलकूप खनन पर 40 हजार रूपए का अनुदान दिया गया। किसान महासम्मेलन में विभिन्न विभागो द्वारा अपनी विभागीय योजनाओ की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। किसान महासम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व मंत्री श्री मधुकरराव हर्णे, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य श्री हरिशंकर जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश खंडेलवाल, राज्य महिला आयोग की श्रीमती राजो मालवीय, जनपद पंचायत केसला के अध्यक्ष श्री गणपत सिंह उइके, सीईओ जिला पंचायत श्री पी.सी.शर्मा, किसानगण, जनप्रतिनिधिगण, मिडिया के प्रतिनिधिगण व अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन परियोजना अधिकारी आत्मा श्री एम.एल.दिलवरिया ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन श्री सुनील वाजपेई ने किया।
किसान सम्मेलन में जिले के 71 हजार किसानो को 219 करोड़ के बीमा दावा राशि का प्रमाण पत्र वितरित मुख्यमंत्री के किसान सम्मेलन का हुआ सीधा प्रसारण