लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा और मोहर्रम जैसे त्योहारों तथा देश और प्रदेश में वर्तमान संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है. कानून-व्यवस्था के लिए जिम्मेदार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने का निर्देश देते हुए उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस कार्मिकों के अवकाश मोहर्रम तक कैंसल कर दिए हैं. भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेलों पर खास ध्यान सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, अखिलेश ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेलों आदि पर विशेष निगाह रखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबन्ध किए जाएं. शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद अखिलेश ने खुफिया तंत्र को अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए और कहा कि “आपसी समन्वय बनाते हुए पूरे प्रदेश में सतर्कता बरती जाए. महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर पैनी निगाह रखने के साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी ध्यान दिया जाए और समय रहते ऐसे तत्वों के खिलाफ विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए.” घटना होने पर अधिकारियों के खिलाफ कड़ा कार्रवाई केवल इतना ही नहीं इसके साथ ही उन्होंने आगाह किया है कि यदि कोई अप्रिय घटना घटती है तो ऐसी स्थिति में सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव (गृह) देवाशीष पांडा, पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) अनीता सिंह, सचिव (मुख्यमंत्री) पार्थ सारथी सेन शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे.